सोनबरसा राज के बरैठ पंचायत में बायोगैस संयंत्र का डीएम ने किया उद्दघाटन
देश में गैर पारम्परिक ऊर्जा स्रोतों की ओर बढ़ना आज की जरूरत : डीएम वैभव चौधरी
समाचार डेस्क ज्ञानमाला नैशनल टीवी📺 न्यूज़ चैनल
सोनबरसा राज (सहरसा) । सोनबरसा राज प्रखण्ड क्षेत्र के बरैठ पंचायत अन्तर्गत अमृता गोंठ गाँव में सहरसा जिला पदाधिकारी वैभव चौधरी ने राष्ट्रीय बायोगैस कार्यक्रम के तहत निर्मित 02 घन मीटर क्षमता के बायोगैस संयंत्र का विधिवत उद्दघाटन गैस चुल्हा जलाकर किया। उक्त बायोगैस संयंत्र की स्थापना दुग्ध सहयोग समिति के सदस्य शम्भू यादव के यहाँ की गई है।
मालुम हो कि इस अवसर पर सहरसा जिला पदाधिकारी ने कहा कि पारम्परिक ऊर्जा स्रोतों के तेजी से खत्म होने के कारण अब हमें गैर पारम्परिक ऊर्जा स्रोतों की ओर बढ़ना होगा। जिससे हमसभी पर्यावरण को सुरक्षित रखते हुए अपनी जरुरतों को भी पूरा कर सकेंगे। गुजरात से पहुंचे राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के अंकुश कुमार आनंद ने कहा कि बायोगैस संयंत्र की लागत करीब 46 हजार रुपये है। इसमें लाभार्थियों को 15 हजार रुपये एसबीआई के सीएसआर निधि के तहत तथा राष्ट्रीय बायोगैस कार्यक्रम के तहत 14 हजार 350 रुपये की सहायता प्रदान की गई है। कोसी दुग्ध संघ सुपौल के प्रबंध निदेशक ने कहा कि कोसी प्रमंडल में एसबीआई एवं राष्ट्रीय बायोगैस के आर्थिक सहायता से कुल 20 बायोगैस संयंत्र स्थापित किया गया है।
ज्ञात हो कि इस अवसर पर एसबीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक सुधांशु कुमार रमण, कोसी दुग्ध संघ के अध्यक्ष देवनारायण यादव, बरैठ पंचायत के मुखिया ललन यादव, सरपंच रमेश यादव, पूर्व मुखिया बालेश्वर यादव आदि जनप्रतिनिधियों व ग्रामीण उपस्थित थे।