समाचार डेस्क ज्ञानमाला नैशनल टीवी📺 न्यूज़ चैनल
पूर्ण सूर्य ग्रहण कितने बड़े एरिया से होकर गुजरेगा, नासा ने बता दिया रास्ता, भारत में क्या होगा, जानें
8 अप्रैल को पूर्ण सूर्य ग्रहण होने जा रहा है, जिसे अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा में रहने वाले नंगी आंखों से देख सकेंगे। इस बार पूर्ण सूर्य ग्रहण के दौरान धरती के इस हिस्से में रहने वाले अंतरिक्ष में सौर मंडल के दूसरे ग्रहों को भी देख सकेंगे।
8 अप्रैल को एक ऐसी खगोलीय घटना होने जा रही है जो दोबारा जल्द नहीं होने वाली है। कम से कम अगले 20 सालों तक ऐसा नहीं होने जा रहा। इस दौरान अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको के एक हिस्से में दिन के दौरान आसमान में अंधेरा छा जाएगा, जब कुछ समय के लिए चंद्रमा सूर्य के चेहरे को ढक लेगा। हम बात कर रहे हैं साल के पहले सूर्य ग्रहण की, जो 8 अप्रैल को होने जा रहा है। सूर्य ग्रहण तब होता है जब सूर्य चंद्रमा और पृथ्वी क्रमशः एक सीध में होते हैं। इस बार ये पूर्ण सूर्य ग्रहण होगा, यानी इस दौरान चंद्रमा की छाया सूर्य को पूरी तरह ढंक लेगी।
सूर्य ग्रहण अमेरिका के 15 राज्यों से होकर गुजरेगा
इस बार का पूर्ण सूर्य ग्रहण बाकी सूर्य ग्रहण से बिल्कुल अलग होगा। इस दौरान देखने वालों को ग्रहण के साथ ही अंतरिक्ष में कई अन्य घटनाओं को देखने का मौका मिलेगा, जिसमें सौर मंडल के कुछ दूसरे ग्रह और धूमकेतुओं का नजर आना भी शामिल है। समग्रता के दौरान आसमान में अंधेरा छा जाता है और चंद्रमा के पीछे से सूर्य का कोरोना (बाहरी आवरण) दिखाई देता है। सूर्य ग्रहण का पॉथ ऑफ टोटलिटी (जिस रास्ते से छाया होकर गुजरेगी) मेक्सिको से कनाडा तक 118 किलोमीटर चौड़ा होगा, जो 15 अमेरिकी राज्यों से होकर गुजरेगा।
भारत में क्या होगा?
भारत में इस ग्रहण को नहीं देखा जा सकेगा, क्योंकि जिस समय अमेरिका में इसका असर दिखाई देगा उस समय भारत में रात हो रही होगी। हालांकि, लाइव स्ट्रीमिंग के जरिए इसे देखा जा सकता है। नासा अपने यूट्यूब चैनल पर सूर्य ग्रहण को लाइव स्ट्रीम करेगा। लाइव साइंस की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका के स्थानीय समयानुसार टेक्सास में दोपहर 1:27 बजे पूर्ण सूर्य ग्रहण की छाया शुरू होगी और मेन में 3:35 बजे समाप्त होगी। इस तरह में अमेरिका में इसका कुल समय 2 घंटे 8 मिनट का होगा। अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा ने सूर्य ग्रहण अमेरिका में किस समय पर पूर्ण ग्रहण कितने बजे शुरू होगा और कब खत्म होगा इसकी पूरी जानकारी जारी की है।
शहर --- पॉथ ऑफ टोटलिटी
डालास, टेक्सान--- दोपहर 1:40 से दोपहर 1:44 तक
इडाबेल, ओकलाहमा -- दोपहर 1:45 बजे से 1:49 बजे तक
लिटल रॉक, अर्कंसास-- दोपहर 1:51 से 1:54 तक
पोपलर ब्लफ, मिसौरी -- दोपहर 1:56 से 2:00 तक
पाडुका, केंटुकी --- दोपहर 2:00 से 2:02 तक
कारबोन्डेल, इलिनॉयस -- दोपहर 1:59 से 2:03 तक
इवांसविले, इंडियाना --- दोपहर 2:02 से 2:05 तक
एरे, पेंसिल्वेनिया --- दोपहर 3:16 से 3:20 तक
बर्लिंगटन, वेरमॉन्ट --- दोपहर 3:26 से 3:29 तक
लैंकास्टर, न्यू हैंपशायर --- दोपहर 3:27 से 3:30 तक
कॉरिबू, मेन --- दोपहर 3:32 से 3:34 तक