रिपोर्ट मिथिलेश कुमार सहरसा
जिला पदाधिकारी ने मतदान सामग्री का किया निरीक्षण
जिला निर्वाचन पदाधिकारी -सह- जिलाधिकारी, सहरसा, श्री वैभव चौधरी आई०ए०एस० द्वारा लोकसभा चुनाव 2024 हेतु प्रेक्षागृह में संचालित मतदान सामग्री कोषांग, नाम निर्देशन एवं मतपत्र विखंडीकरण कोषांग का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित मतदान दल को दी जाने वाली सामग्रियों की गहन जांच की गई। जांच के क्रम में पीठासीन पदाधिकारी की अनुदेश पुस्तिका,ई.भी.एम. की अनुदेश पुस्तिका, विभिन्न प्रकार के प्रपत्र, स्टेच्यूररी एवं नन स्टेच्यूररी पैकेट के लिफाफे, मेडिकल किट की दवाइयां,पेन,पिन,अमिट स्याही, मेटल सील, विभिन्न प्रकार के पोस्टर, वोटिंग कंपार्टमेंट आदि की गहनता से जांच की गयी। पूर्व में जिलाधिकारी के आदेशानुसार प्रत्येक मेडिकल किट में दिए गये पांच पैकेट ओआरएस के पैकेट की संख्या बढ़ाकर प्रत्येक पैकेट में 15 पैकेट किया गया है। उसकी भी जांच की गई। विधान सभावार निर्मित पैकेट, प्रभेदक चिन्ह की भी जांच की गयी। मतदान सामग्री कोषांग के कार्य से जिलाधिकारी संतुष्ट दिखे तथा मतदान सामग्री कोषांग के नोडल पदाधिकारी -सह- जिला कृषि पदाधिकारी को निर्देश दिया कि इसी तरह अपने कार्य का संपादन करते रहे तथा इस बात का ध्यान रखें की कोई सामग्री किसी मतदान दल को अप्राप्त नहीं हो।