आपने कभी अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए वोट ही नहीं दिया तो आपको कैसे अच्छी शिक्षा व्यवस्था मिलेगी?: प्रशांत किशोर



आपने कभी अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए वोट ही नहीं दिया तो आपको कैसे अच्छी शिक्षा व्यवस्था मिलेगी?: प्रशांत किशोर

सहरसा:- जन सुराज अभियान के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने कहा कि लोग हमसे कहते हैं कि पढ़ाई होनी चाहिए। लेकिन, आपने जीवन में कभी भी अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए वोट ही नहीं दिया। आपने कभी अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए वोट ही नहीं दिया तो आपको कैसे अच्छी शिक्षा व्यवस्था मिलेगी? नेता जी ने काम नहीं किया, तो उनपर आपको कितना गुस्सा आ रहा है? आप लोग भी जीवनभर से गलती करते आ रहे हैं, खुद पर भी गुस्सा आना चाहिए? अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए आपने वोट नहीं दिया। अब कोई खड़ा होकर कहेगा कि बिहार में कोई पढ़ाई के लिए वोट मांगने के लिए आया ही नहीं? इस बात की क्या गारंटी है कि पढ़ाई-लिखाई करके बच्चों को रोजगार मिल जाएगा?

बच्चों की पढ़ाई, रोजी-रोजगार और फसल के दाम के लिए वोट ही नहीं देते हैं, तो आपका जीवन सुधरेगा कैसे: प्रशांत किशोर

प्रशांत किशोर ने कहा कि आप लोगों को इतनी बात समझ में आ रही है कि इलाके में अगर फैक्ट्री लग जाए तो आपके बच्चों को रोजगार मिल जाएगा। लेकिन, आप लोगों ने जीवन में कभी फैक्ट्री-रोजगार के लिए वोट ही नहीं दिया। आपने पढ़ाई के लिए वोट ही नहीं दिया, फैक्ट्री-रोजगार के लिए वोट ही नहीं दिया। अब एक रास्ता है, खेती। अभी दो महीने महीने पहले आपने धान बेचा है, धान की कीमत है 2100 रुपए प्रति क्विंटल, लेकिन आप लोगों ने उसे 1600, 1700 और 1800 रुपए में बेचा। ये बात सभी को समझ में आ रही है कि यदि आपको धान की कीमत 2100 रुपए मिलती तो आपकी आमदनी बढ़ती। लेकिन, आपने कभी धान, गेहूं और मकई के लिए वोट ही नहीं दिया। तो जब आप अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए, अपने रोजी-रोजगार के लिए और अपने फसल के दाम के लिए वोट ही नहीं देते हैं, तो आपका जीवन सुधरेगा कैसे?