बिहार में रहने वाले 100 में 80 लोग दिन में 100 रुपए भी नहीं कमा पाते : प्रशांत किशोर
सहरसा:- जन सुराज अभियान के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार में रहने वाले 100 में 80 लोग दिन में 100 रुपए भी नहीं कमा पाते। इस महंगाई के जमाने में अगर आप 100 रुपए भी नहीं कमाते हैं तो कमाइएगा क्या? अपने बच्चों को खिलाइएगा क्या? और रोजी-रोजगार के लिए पूंजी कहां से लाइएगा? यही कारण है कि आपको वोट जिसे देना है दीजिए, सरकार चाहे सड़क बनाए या आपको 5 किलो अनाज दे दे। सरकार आपको चाहे बिजली दे दे या चाहे सिलेंडर दे दे। सरकार ने ये तमाम चीजें आपको दी है, बावजूद इसके आपकी गरीबी खत्म नहीं हुई है।
गरीबी तब खत्म होगी जब पढ़ाई, रोजगार मिले और सरकार व्यापार करने के लिए कर्ज दे: प्रशांत किशोर
प्रशांत किशोर ने कहा कि गरीबी खत्म तब होगी जब आपके बच्चों के लिए पढ़ने की व्यवस्था हो, आपके बच्चों को नौकरी मिले। जब गरीब को यहां जमीन मिले ताकि वो खेती करके पैसे कमा सके। यहां गरीबी खत्म तब होगी जब महिलाओं को, युवाओं को सरकार कर्ज दे ताकि कोई बिजनेस व्यापार कर सकें। हमसे लोग ये पूछते हैं कि वोट किसे देने से ये सब होगा? मैं बताता हूं वोट जिसे देना चाहे दो और गारंटी प्रशांत किशोर से लो। वोट अपने बच्चों की शिक्षा और रोजगार के नाम पर दो।