लोकसभा चुनाव और शादी: शादी के कार्ड में छपवाया लोकसभा चुनाव में जरूर करें मतदान, विवाह समारोह में न लाएं हथियार और न करें हर्ष फायरिंग

लोकसभा चुनाव और शादी: शादी के कार्ड में छपवाया लोकसभा चुनाव में जरूर करें मतदान, विवाह समारोह में न लाएं हथियार और न करें हर्ष फायरिंग

गया. आसन्न लोकसभा चुनाव को लेकर इसका रंग अभी से ही देखने को मिलने लगा है. इसका एक उदाहरण बिहार के गया में देखने को मिल रहा है, जहां एक शादी समारोह को लेकर छपवाए गए कार्ड में लिखा है कि लोकसभा चुनाव 2024 में देशहित में मतदान जरूर करें. वहीं, शादी कार्ड के कवर पेज पर यह भी लिखा है, कि शादी समारोह में हथियार लेकर न आएं और न ही हर्ष फायरिंग करें. गौरतलब हो कि हालिया महीनों में हर्ष फायरिंग के मामले बढे हैं.

लोकसभा चुनाव का शादी के कार्डों पर भी दिख रहा रंग 

लोकसभा चुनाव का शादियों के कार्डों पर भी रंग दिख रहा है. गया में एक शादी समारोह को लेकर छपवाए गए शादी कार्ड में लोकसभा चुनाव को जोड़कर बातें लिखी गई है. इसमें लिखा गया है, कि लोकसभा चुनाव 2024 के देश हित में अपने मतदान का प्रयोग जरूर करें. वही, यह भी लिखा गया है, कि शादी समारोह में हथियार लेकर न आए और न ही हर्ष फायरिंग करें. शादी समारोह में अक्सर लोग अपने लाइसेंसी हथियार के साथ पहुंचते हैं और हर्ष फायरिंग करते हैं. ऐसे में कानूनन उनके खिलाफ हर्ष फायरिंग की प्राथमिकी दर्ज होती है और कार्रवाई की जाती है.

चर्चा का विषय बना यह शादी कार्ड

फिलहाल इस प्रकार का छपवाया गया शादी कार्ड चर्चा का विषय बन गया है. बताया जाता है, कि बोधगया के कृष्णा नंदन गिरी के द्वितीय पुत्र विकास गिरी की शादी गया शहर के टिल्हा धर्मशाला के रहने वाले प्रमोद कुमार की पुत्री करिश्मा कुमारी के साथ होनी है. यह शादी 27 फरवरी को होगी. इसे लेकर शादी कार्ड छपवाए गए और उसे रिश्तेदारों, नजदीकियों के बीच बांटा गया है. कार्ड बंंटते ही यह शादी चर्चा में आ गई, क्योंकि कार्ड पर एक तो हर्ष फायरिंग से बचने और हथियार न लेकर आने की अपील की गई है, तो दूसरी ओर लोकसभा के चुनाव में देश हित की बात कहते हुए मतदान का प्रयोग जरूर से जरूर करने की बात कही गई है. फिलहाल इस तरह की अपील के बाद यह शादी कार्ड चर्चा में आ गया है. लोग बड़े चाव से इस कार्ड में लिखे गए बातों को पढ़ रहे हैं.

यह अच्छी पहल, समाज में आएगी जागरूकता: एसएसपी 

वही, इस संबंध में गया एसएसपी आशीष भारती ने बताया कि गया पुलिस के द्वारा हर्ष फायरिंग के मामले को लेकर विशेष कार्रवाई की जा रही है. वहीं, मुख्यालय से गाइडलाइन भी निर्देशित है. फिलहाल में एक शादी कार्ड सामने आया है, जिसमें लोकसभा चुनाव में मतदान का प्रयोग जरूर करने की अपील की गई है. यह काफी अच्छी पहल है. लोगों में इससे हर्ष फायरिंग जैसी घटनाओं को लेकर भी काफी जागरुकता आएगी. वह इसकी प्रशंसा करते हैं.