बिहार में फिर नई राजनीतिक हलचल, राजद छोड़ बीजेपी के साथ नीतीश कुमार बनाएंगे फिर नया सरकार
पटना समाचार डेस्क
बिहार की राजनीति के लिए रविवार का दिन 'सुपर संडे' साबित हो सकता है. बीजेपी ने रविवार को सुबह 9 बजे बैठक बुलाई है. वहीं, जेडीयू की रविवार सुबह 10 बजे विधानमंडल दल की बैठक होगी. सूत्रों के मुताबिक बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रविवार को ही शाम 4 बजे 9वीं बार सीएम पद की शपथ ले सकते हैं. जेपी नड्डा नीतीश के नौंवे शपथ ग्रहण में शामिल हो सकते हैं.
उधऱ, शनिवार का दिन भी बिहार में राजनीतिक गहमागहमी में बीता. शनिवार को आरजेडी और बीजेपी की बड़ी बैठक हुई. लालू के आवास पर हुई बैठक में जहां तेजस्वी ने कहा कि बिहार में अभी खेल होना बाकी है. वहीं, बीजेपी की बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने अपने सभी विधायकों को सोमवार शाम तक बिहार में रहने के लिए कहा है. उधर, बिहार सचिवालय की छुट्टी रद्द कर दी गई है, यानि रविवार को सचिवालय खुला रहेगा.
बता दें कि 28 जनवरी यानी रविवार की सुबह 10 बजे जेडीयू विधानमंडल दल की बैठक है. उसके बाद सीएम हाउस में ही एनडीए विधानमंडल दल की बैठक होगी. बैठक के बाद दोपहर 12 बजे राज्यपाल से मुलाक़ात कर नीतीश अपना इस्तीफ़ा सौपेंगे. साथ ही एनडीए विधायकों के समर्थन वाला लेटर देंगे. फिर 4 बजे शपथ ग्रहण होगा. नीतीश कुमार ने पहली बार - 3 मार्च 2000, दूसरी बार - 24 नवंबर 2005, तीसरी बार - 26 नवंबर 2010, चौथी बार - 22 फरवरी 2015, पांचवी बार 20 नवंबर 2015, छठी बार - 27 जुलाई 2017, सातवीं बार - 16 नवंबर 2020, आठवीं बार - 9 अगस्त 2022 को सीएम पद की शपथ ली थी.