बिहार प्रदेश के पुलिसकर्मियों को वेतन मान सहित उच्चतर प्रभार देने की प्रक्रिया हुई शुरू
डीजीपी की अध्यक्षता में गठित की गई स्क्रीनिंग समिति
15 नवम्बर तक अनुशंसित पदाधिकारियों की सूची करा दी जाएगी उपलब्ध
पटना व्योरोचीफ की रिपोर्ट
सोनबरसा राज (सहरसा)! बिहार के पुलिस कर्मियों को सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश के बाद वेतनमान सहित उच्चतर प्रभार देने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इस कार्य को प्रथमिकता से करने के लिए पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) आर एस भट्टी की अध्यक्षता में केन्द्रीय स्क्रीनिंग समिति गठित की गई है। समिति में बतौर सदस्य सामान्य प्रशासन एवं वित्त विभाग द्वारा मनोनीत एवं डीजीपी द्वारा मनोनीत अनुसूचित जाति एवं जनजाति व अल्पसंख्यक समुदाय के एक एक पदाधिकारी को शामिल किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार स्क्रीनिंग समिति क्षेत्रीय चयन पर्षद द्वारा अनुशंसा के साथ उपलब्ध कराए गए कर्मियों व पदाधिकारियों के मनोनयन पर विचार करेगी। समिति की अनुशंसा पर नियुक्ति प्राधिकार के अनुमोदन के बाद प्रोन्नति के उच्चतर पद के प्रभार (वेतनमान सहित) से संबंधित आदेश निर्गत होगा।
आदेश के मुताबिक क्षेत्रीय चयन पर्षद की बैठक में प्रत्येक कर्मी पदाधिकारी के संपूर्ण सेवाभिलेख की जांच पर्षद द्वारा की जाएगी।
सभी क्षेत्रीय चयन पर्षद स्क्रीनिंग समिति को अपनी अनुशंसा भेजने से पहले सूची का प्रकाशन करते हुए निर्धारित समय सीमा के अंदर उस पर आपत्ति प्राप्त करेंगे। इसके बाद आपत्तियों की समीक्षा करते हुए निर्णय लेंगे। 15 नवंबर तक अनुशंसित पदाधिकारियों की सूची डीजीपी कंट्रोल रूम को उपलब्ध करा दी जाएगी।
ज्ञात हो कि पुलिस मुख्यालय ने केन्द्रीय क्षेत्र पटना, मगध क्षेत्र गया, तिरहुत क्षेत्र मुजफ्फरपुर, दरभंगा में मिथिला, पूर्णिया क्षेत्र, रेल क्षेत्र और पटना क्षेत्र स्थित विभिन्न प्रभाग एवं इकाइयों के लिए संबंधित आइजी को क्षेत्रीय चयन पर्षद का अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। जबकि चंपारण क्षेत्र बेतिया, कोशी क्षेत्र सहरसा, पूर्वीय क्षेत्र भागलपुर, बेगुसराय क्षेत्र, शाहाबाद क्षेत्र डेहरी आन सोन, सारण क्षेत्र छपरा और मुंगेर क्षेत्र के लिए डीआइजी स्तर के पदाधिकारी को अध्यक्ष पद के लिए मनोनीत किये गए हैं। सभी क्षेत्रीय चयन पर्षद के सदस्य के तौर पर संबंधित क्षेत्र के दो जिलों के एसपी नामित किए गए हैं।